Article

बिहार मे आरजेडी 26, कांग्रेस 9 और वाम दल 5 सीटों पर लड़ेंगे लोकसभा चुनाव

 30 Mar 2024

बिहार में इंडिया गठबंधन के बीच सीटों के बंटवारे का ऐलान हो गया है। आरजेडी, कांग्रेस और वाम दल के नेताओं ने शुक्रवार को संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सीटों के बंटवारे की घोषणा की। सीट बंटवारे के फार्मूले के तहत राष्ट्रीय जनता दल को 26,  कांग्रेस को  9 और वामदलों को 5 सीटें मिली हैं। हाल ही में कांग्रेस में आये पप्पू यादव के दबाव के बावजूद पूर्णिया सीट पर आरजेडी ने अपना दावा नहीं छोड़ा।


कौन सी पार्टी कहा से लड़ रही चुनाव

इंडिया गठबंधन में हुए समझौते के तहत आरजेडी अररिया, बांका, बक्सर, गया, गोपालगंज, हाजीपुर, जहानाबाद, जमुई, झंझारपुर, मधेपुरा, सुपौल, नवादा, पाटलिपुत्र, उजियारपुर, सारण, पूर्णिया, शिवहर, सीतामढ़ी, पूर्वी चंपारण, सीवान, वैशाली, दरभंगा, मधुबनी, मुंगेर, वाल्मीकिनगर और औरंगाबाद यानी कुल  26 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

कांग्रेस कटिहार, किशनगंज, पटना साहिब, सासाराम, भागलपुर, बेतिया, मुजफ्फरपुर, महाराजगंज और समस्तीपुर लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ेगी।

वाम दलों में सीपीआई(एमएल) काराकाट, आरा और नालंदा से, सीपीआई बेगूसराय से और सीपीआई(एम)  खगड़िया से उम्मीदवार उतारेगी।

सीट बंटवारे की घोषणा के बाद कांग्रेस नेता पप्पू यादव ने कहा कि वे आरजेडी से फ्रेंडली फाइट के लिए तैयार हैं। पप्पू यादव ने स्पष्ट कहा कि चार अप्रैल को वह पूर्णिया लोकसभा सीट से अपना नामांकन पर्चा दाखिल करेंगे। पप्पू यादव ने कहा कि चार जून को पूर्णिया में कांग्रेस का झंडा ही बुलंद होगा। इससे पहले 23 मार्च को ही पप्पू यादव ने सोशल मीडिया पर लिखा था कि वह मर जायेंगे पर कांग्रेस नहीं छोड़ेंगे दुनिया छोड़ देंगे, पूर्णिया नहीं छोड़ेंगे। पप्पू यादव की इन बयानों का यही मतलब है कि  पूर्णिया सीट पर अभी भी पेच फंसा है।

पप्पू यादव के अलावा कांग्रेस की तरफ से कन्हैया कुमार को बेगूसराय से चुनाव लड़ाने की तैयारी की जा रही थी। लेकिन यह सीट सीपीआई के खाते चली गई। 2019 के लोकसभा चुनाव में बेगूसराय से कन्हैया कुमार ही सीपीआई के टिकट पर  चुनाव लड़े थे।

पिछले लोकसभा चुनाव की स्थिति

2019 के लोकसभा चुनाव में बिहार की स्थिति कुछ अलग ही थी। 2019 में इस महागठबंधन में उपेंद्र कुशवाहा, जीतन राम मांझी और मुकेश साहनी भी हिस्सा थे। इस बार जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा एनडीए के साथ है।

2019 के लोकसभा चुनाव में बिहार की 40 लोकसभा सीटों में आरजेडी 19, कांग्रेस 9, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (आरएलएसपी) 5, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) को 3, वीआईपी को 3 और सीपीआईएमएल को आरजेडी कोटे से एक सीट दी गई थी। जबकि सीपीआई और सीपीआईएम ने अलग चुनाव लड़ा था। तब एनडीए को भारी बढ़त मिली थी। नीतीश कुमार की जेडीयू और बीजेपी ने मिलकर बिहार की 40 में से 39 सीटों पर परचम फहराया था। एक सीट कांग्रेस ने जीती थी।